एमआईसी बैठक में शहर विकास और जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी

रायगढ़, 22 मई 2026। नगर निगम रायगढ़ में महापौर श्री जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर विकास, जल प्रदाय व्यवस्था, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।


कायाघाट चौक आरओबी तक स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव स्वीकृत

बैठक में रायगढ़ निगम कार्यालय से कायाघाट चौक आरओबी तक स्ट्रीट लाइट स्थापना कार्य के लिए तैयार लगभग 64.58 लाख रुपए के प्राक्कलन को तकनीकी स्वीकृति हेतु शासन को भेजने का निर्णय लिया गया। इस कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्र में रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।


पेंशन योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मिली मंजूरी

सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत विभिन्न पेंशन योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की सूची का अनुमोदन किया गया। परीक्षण के बाद इंदिरा गांधी वृद्धा पेंशन योजना एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के कुल 8 पात्र हितग्राहियों के प्रकरण स्वीकृत किए गए।


09 एमएलडी फिल्टर प्लांट के रेनोवेशन का प्रस्ताव पारित

शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 09 एमएलडी फिल्टर प्लांट के रेनोवेशन एवं अपग्रेडेशन कार्य के लिए लगभग 350 लाख रुपए के प्राक्कलन को मंजूरी के लिए शासन को भेजने पर सहमति बनी। यह कार्य 15वें वित्त आयोग के टाइड वॉटर फंड के अंतर्गत कराया जाएगा।


नए इंटेकवेल और पाइपलाइन विस्तार को मंजूरी

जर्जर हो चुके 09 एमएलडी इंटेकवेल के स्थान पर नए इंटेकवेल निर्माण, पाइपलाइन विस्तार और संबंधित कार्यों के लिए लगभग 476.45 लाख रुपए की कार्ययोजना को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इससे शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।


वार्ड 27 में बनेगा नया गार्डन

बैठक में वार्ड क्रमांक 27 स्थित फॉरेस्ट ऑफिस के पास गार्डन विकास कार्य के लिए लगभग 84.06 लाख रुपए की राशि के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। प्रस्तावित उद्यान निर्माण से नागरिकों को हरित वातावरण और बेहतर सार्वजनिक मनोरंजन की सुविधा मिलेगी।


102 प्लेसमेंट कर्मचारियों की व्यवस्था को मंजूरी

नगर निगम के जल एवं उद्यान विभाग के विभिन्न कार्यों के संचालन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 102 प्लेसमेंट कर्मचारियों की व्यवस्था संबंधी प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इनमें पंप ऑपरेटर, मैकेनिक, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, माली एवं श्रमिक शामिल हैं।


सार्वजनिक शौचालय होंगे स्वच्छता श्रृंगार योजना में शामिल

बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में संचालित सार्वजनिक शौचालयों को स्वच्छता श्रृंगार योजना में शामिल करने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। इसके तहत चयनित शौचालयों की साफ-सफाई, रखरखाव और संचालन व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।


जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश

महापौर परिषद की बैठक में जनहित और शहर विकास से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता देते हुए निगम प्रशासन को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एमआईसी बैठक में प्रस्तावों की विस्तृत जानकारी कमिश्नर श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने दी। बैठक में एमआईसी सदस्य श्री सुरेश गोयल, श्री पंकज कंकरवाल, श्री अशोक यादव, श्रीमती पूनम सोलंकी, मुक्तिनाथ बबुआ, श्रीमती त्रिवेणी डहरे, श्री अमित शर्मा, श्री आनंद भगत सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back to top button