
शहर विकास और जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को एमआईसी की मंजूरी
रायगढ़, 22 मई 2026। नगर निगम रायगढ़ में महापौर श्री जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में महापौर परिषद (एमआईसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहर विकास, जल प्रदाय व्यवस्था, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर उन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
कायाघाट चौक आरओबी तक लगेंगी नई स्ट्रीट लाइट
बैठक में निगम कार्यालय से कायाघाट चौक आरओबी तक स्ट्रीट लाइट स्थापना कार्य के लिए लगभग 64.58 लाख रुपए के प्राक्कलन को तकनीकी स्वीकृति हेतु शासन को भेजने का निर्णय लिया गया। इस कार्य से रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।
पेंशन योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मिली स्वीकृति
सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत इंदिरा गांधी वृद्धा पेंशन योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के कुल 8 पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान की गई।
350 लाख की लागत से होगा फिल्टर प्लांट अपग्रेडेशन
शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 09 एमएलडी फिल्टर प्लांट के रेनोवेशन एवं अपग्रेडेशन कार्य के लिए लगभग 350 लाख रुपए के प्राक्कलन को मंजूरी के लिए शासन को भेजने पर सहमति बनी। यह कार्य 15वें वित्त आयोग के टाइड वॉटर फंड के अंतर्गत किया जाएगा।
नए इंटेकवेल और पाइपलाइन विस्तार को मंजूरी
जर्जर हो चुके 09 एमएलडी इंटेकवेल के स्थान पर नए इंटेकवेल निर्माण, पाइपलाइन विस्तार और संबंधित कार्यों के लिए लगभग 476.45 लाख रुपए की कार्ययोजना को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इससे भविष्य में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक सुचारू हो सकेगी।
फॉरेस्ट ऑफिस के पास विकसित होगा नया गार्डन
वार्ड क्रमांक 27 स्थित फॉरेस्ट ऑफिस के पास गार्डन विकास कार्य के लिए लगभग 84.06 लाख रुपए के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। प्रस्तावित उद्यान से नागरिकों को हरित वातावरण और मनोरंजन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
102 प्लेसमेंट कर्मचारियों की व्यवस्था को मंजूरी
नगर निगम के जल एवं उद्यान विभाग के विभिन्न कार्यों के संचालन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 102 प्लेसमेंट कर्मचारियों की व्यवस्था संबंधी प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इसमें पंप ऑपरेटर, मैकेनिक, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, माली और श्रमिक शामिल हैं।
सार्वजनिक शौचालय होंगे स्वच्छता श्रृंगार योजना में शामिल
बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में संचालित सार्वजनिक शौचालयों को स्वच्छता श्रृंगार योजना में शामिल करने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। इसके तहत चयनित शौचालयों की साफ-सफाई, रखरखाव और संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
जनहित के प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
महापौर परिषद की बैठक में जनहित और शहर विकास से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता देते हुए निगम प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रस्तावों की जानकारी कमिश्नर श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने दी।
बैठक में एमआईसी सदस्य श्री सुरेश गोयल, श्री पंकज कंकरवाल, श्री अशोक यादव, श्रीमती पूनम सोलंकी, मुक्तिनाथ बबुआ, श्रीमती त्रिवेणी डहरे, श्री अमित शर्मा, श्री आनंद भगत सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


