ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से कराया मुक्त

दो पिकअप वाहनों में गौवंशों को ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था झारखंड, दो आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए न्यायिक रिमांड पर

जशपुर, 22 सितंबर 2026। जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 8 गौवंशों को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई सिटी कोतवाली जशपुर थाना क्षेत्र में की गई।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की देर रात सूचना मिली थी कि कुनकुरी की ओर से दो संदिग्ध पिकअप वाहनों में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर जशपुर होते हुए झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने चांपा टोली के पास हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान गौ सेवक भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।

एक पिकअप से मिले चार गौवंश

रात्रि करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच कुनकुरी की ओर से पिकअप वाहन क्रमांक JH 07M 9843 आते दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें चार गौवंश लदे मिले।

वाहन में सवार दो लोगों से गौवंशों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में दोनों की पहचान आर्यन (20 वर्ष), निवासी आगडीह महुआ टोली तथा राकेश राम (28 वर्ष), निवासी पैकू, थाना सिटी कोतवाली जशपुर के रूप में हुई।

दूसरा पिकअप छोड़कर चालक फरार

इसी दौरान कुछ दूरी पर पीछे से आ रहे दूसरे पिकअप वाहन क्रमांक CG 13BB 8096 के चालक ने पुलिस को देखकर वाहन छोड़ दिया और अंधेरे एवं जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें भी चार गौवंश लदे मिले।

पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 8 गौवंशों को सकुशल बरामद किया। फरार चालक एवं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।

विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ एवं विवेचना के दौरान आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को भी चिन्हित किया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, पीएसआई जितेंद्र, पीएसआई लक्ष्मी मरकाम, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक राम प्रताप यादव एवं नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जशपुर पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

Back to top button