श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा बगीचा में धूमधाम से मनाया गया 66वां स्थापना दिवस

बगीचा। श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा, औघड़ बाबा का तकिया बगीचा में 21 सितंबर 2026 को समूह का 66वां स्थापना दिवस समारोह भक्ति, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे आश्रम परिसर में परम पूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु जी की सुसज्जित वाहन के साथ पूजन एवं आरती से हुई। इसके बाद “हर हर महादेव” के जयघोष के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी आश्रम परिसर से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए तहसील चौक पहुंची और पुनः आश्रम परिसर में वापस आई।

इसके पश्चात प्रातः 9:30 बजे झंडोत्तोलन, पूजा-अर्चना एवं मंगलाचरण का आयोजन किया गया। इसके बाद सफलयोनि का पाठ किया गया। कार्यक्रम में आयोजित लघु गोष्ठी में पूज्य सरकार द्वारा बताए गए मार्ग एवं उनके विचारों पर प्रकाश डाला गया तथा उपस्थित सदस्यों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

गोष्ठी के उपरांत सभी श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों ने सामूहिक प्रसाद ग्रहण किया। स्थापना दिवस समारोह को सफल बनाने में समूह के सभी सदस्यों ने तन-मन-धन से अपना योगदान दिया।

सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया स्थापना दिवस

स्थापना दिवस के अवसर पर श्री सर्वेश्वरी समूह के सदस्यों द्वारा सेवा कार्य भी किए गए। नगर के विभिन्न मंदिरों में झाड़ू का वितरण किया गया। इसके साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा में इलाजरत मरीजों के बीच फल का वितरण किया गया तथा उनके शीघ्र एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गई।

समूह के सदस्यों ने कहा कि स्थापना दिवस केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रहकर सेवा, सद्भाव और मानव कल्याण के कार्यों से जुड़ने का अवसर है। इसी भावना के साथ कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा को भी प्राथमिकता दी गई।

Back to top button