कटहल की खेप में छिपाकर ले जाया जा रहा था गांजा, 125 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कटहल की खेप के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे 125.700 किलोग्राम गांजा को जब्त करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 62 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक पिकअप वाहन में कटहल लोड कर उसके नीचे गांजा छिपाकर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के रेहटीखोल चेक पोस्ट पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

जांच के दौरान कटहल की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों से 125.700 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान धीरेंद्र कुमार गौतम (42) निवासी करछना, जिला प्रयागराज तथा लवकुश गौतम (22) निवासी बारा, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से लाकर प्रयागराज में खपाने की योजना थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा एक टाटा माजदा पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया। वाहन, मोबाइल और गांजे सहित कुल जब्त संपत्ति का मूल्य करीब 70 लाख 93 हजार रुपये आंका गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी)(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि ओडिशा सीमा से लगे अंतर्राज्यीय चेक पोस्टों और अंदरूनी मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हाल के दिनों में फल, सब्जियों और अन्य सामानों की आड़ में मादक पदार्थों की तस्करी के कई प्रयास सामने आए हैं, जिन्हें पुलिस ने विफल किया है।

महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button