बैरियर तोड़कर भागे शराब तस्कर गिरफ्तार, डेढ़ माह बाद पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपी

सूरजपुर। अवैध शराब तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को रघुनाथनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। दोनों आरोपी अप्रैल महीने में पुलिस कार्रवाई के दौरान वाहन और शराब छोड़कर फरार हो गए थे।

पुलिस के अनुसार 22 अप्रैल को एक बोलेरो वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर आने की सूचना मिली थी। तुगवा अंतरराज्यीय बैरियर पर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और बैरियर को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान ड्यूटी पर तैनात जवानों को भी कुचलने की कोशिश की गई।

सूचना मिलते ही रघुनाथनगर थाना और बलांगी चौकी पुलिस ने घेराबंदी की। पीछा किए जाने पर आरोपी एक बंद पेट्रोल पंप के पास दुर्घटनाग्रस्त वाहन और शराब की खेप छोड़कर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच के आधार पर मुख्य आरोपी देवनंदन उर्फ रघुनंदन कुशवाहा को झारखंड के गढ़वा जिले स्थित उसके ससुराल से हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने शराब तस्करी के लिए बोलेरो वाहन का उपयोग किया था और मध्यप्रदेश से शराब खरीदकर सूरजपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई की योजना बनाई गई थी। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने शराब भट्टी से जुड़े एक अन्य आरोपी मृत्युंजय जायसवाल को भी गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button