कतर गैस प्लांट हादसे पर पीएम मोदी से बोले कतर के अमीर, जताया शोक
नई दिल्ली/दोहा। कतर के रस लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए भीषण गैस प्लांट विस्फोट में 12 भारतीय नागरिकों की मौत के बाद कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बात कर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कतर के अमीर को संवेदनाओं के लिए धन्यवाद देते हुए घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर सराहना व्यक्त की। दोनों नेताओं ने भारतीय और कतरी नागरिकों की सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
12 भारतीयों की हुई थी मौत
रस लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित गैस सुविधा केंद्र में हुए विस्फोट में कुल 13 लोगों की मौत हुई, जिनमें 12 भारतीय नागरिक शामिल थे। हादसे में 66 लोग घायल भी हुए हैं। भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय प्रभावित परिवारों तथा कतर सरकार के साथ लगातार संपर्क में हैं।
पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा
फोन वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में शांति प्रयासों में कतर की सकारात्मक भूमिका की सराहना की और स्थायी शांति एवं स्थिरता की उम्मीद जताई। साथ ही भारत और कतर के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी।
भारत-कतर एकजुट
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और कतर इस दुख की घड़ी में एकजुट हैं तथा दोनों देश प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।


