
नव संकल्प शिक्षण संस्थान के 7 प्रतिभागी पुनः सहायक प्राध्यापक पद पर हुए चयनित, नवसंकल्प शिक्षण संस्थान के बेहतर मार्गदर्शन से युवा बढ़ा रहे जिले का मान

जशपुरनगर 13 अगस्त 2021/कलेक्टर महादेव कावरे के निर्देशन में जिला खनिज न्यास निधि से संचालित नव संकल्प शिक्षण संस्थान से एयरफोर्स, मिलेट्री, पीएससी के साथ-साथ अब उच्च शिक्षा विभाग में जशपुर के युवाओं ने सहायक प्राध्यापक का पद प्राप्त कर बड़ी सफलता अर्जित की है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में विभिन्न पदों पर जारी सहायक प्राध्यापक परीक्षा के परिणाम आने के बाद लगातार साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे है। आज अंतिम रूप से आयोग द्वारा चयनित सहायक प्राध्यापकों की अंतिम चयन सूची जारी कर दी गई है। जिसमे नव संकल्प के 7 प्रतिभागियों ने पुनः सहायक प्राध्यापक के पद पर अंतिम चयन सूची में शामिल होकर सीधे शासकीय सेवा प्राप्त कर एक मिसाल कायम किया है। सफल प्रतिभागियों में वरुण कुशवाहा, आलोक टोप्पो व मोनियावती ने वनस्पति विज्ञान, रविकांत भगत ने अंग्रेजी, श्रीराम ने भूगोल, सीमा भगत व करुणा खलखो ने जीव विज्ञान में चयनित होकर जिला प्रशासन व नव संकल्प जशपुर का नाम गौरवान्वित किया है।
कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने सहायक प्राध्यापक के पद पर चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी को आगे अपने कर्म क्षेत्र में हमेशा विषय के अद्यतन जानकारी प्राप्त कर छात्रों को सफल मार्गदर्शन देने हेतु प्रोत्साहित किया। इसी प्रकार पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, सहायक आयुक्त आदिम जाति विकास विभाग ने भी चयनित छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही नव संकल्प के प्राचार्य डॉ विजय रक्षित, संकल्प के प्राचार्य विनोद गुप्ता ने भी सभी सफल प्रतिभागियों को आगे समय में बेहतर सेवा देने के लिए शुभकामनाएं दी।
विदित हो कि इससे पूर्व भी नव- संकल्प संस्थान के 6 प्रतिभागियों का सहायक प्राध्यापक के पद पर चयन प्राप्त करने में सफलता प्राप्त की है जिसमे एलीन एक्का व शशिकांत भगत ने रसायन शास्त्र , मनीषा अंजलि तिर्की ने वाणिज्य, वरुण श्रीवास्तव हिंदी ,अंजीता कुजूर कंप्यूटर साइंस ,शेखर कानूनगो गणित विषय में चयनित हुए हैं। नव- संकल्प शिक्षण संस्थान के प्राचार्य डॉ विजय रक्षित ने बताया हमारे संस्थान में तैयारी कर रहे हैं कुल 17 प्रतिभागियों में से 13 प्रतिभागी चयनित होकर संस्थान को गौरवान्वित किया है। जिसका कारण लगातार जिला प्रशासन का सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा है। जिला कलेक्टर के द्वारा लगातार हमारे प्रशिक्षण संस्थान के प्रतिभागियों को चयनित होने पर उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार प्रदान किए जाते रहे हैं। संकल्प के प्राचार्य विनोद गुप्ता ने बताया नव संकल्प शिक्षण संस्थान आरंभ करने के संदर्भ में अवधारणा रही है कि विशेषतः जिले के ट्राइबल छात्र छात्राओं को 100 प्रतिशत शासकीय सेवाओं में जाने का अवसर प्राप्त हो, इसी अवधारणा पर आधारित नव- संकल्प शिक्षण संस्थान में ऑफलाइन कक्षाओं में कार्यालयीन समय में 6 घंटा विषय विशेषज्ञों के द्वारा मार्गदर्शन दिया जाता रहा है, साथ ही उन्हें होमवर्क, प्रैक्टिस पेपर, साप्ताहिक पाक्षिक एवं मासिक परीक्षाएं टेस्ट पेपर ,आयोजित कर उनके प्रोग्रेस का आकलन किया जाता है।