कांकेर: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में युवक गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत भेजा गया जेल

कांकेर। नरहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्बा चौकी पुलिस ने नाबालिग स्कूली छात्रा से दुष्कर्म के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 जून को पीड़िता की मां ने हल्बा चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि बालोद जिले के चारभाठा निवासी हेमंत विश्वकर्मा (21) ने छात्रा होने की जानकारी के बावजूद नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाया और सितंबर 2025 से वर्ष 2026 के बीच कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया।

शिकायत प्राप्त होने के बाद हल्बा चौकी पुलिस ने प्रकरण क्रमांक 133/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 64(2)(ड), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके गृहग्राम चारभाठा, थाना गुण्डरदेही, जिला बालोद से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने पीड़िता से दूर का रिश्तेदार होने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने 16 सितंबर 2025 को हल्बा गांव स्थित पीड़िता के नाना-नानी के घर पहली घटना को अंजाम देने तथा बाद में भी कई अवसरों पर दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने 28 जून को आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

Back to top button