कोरबा: शासकीय भूमि पर बना अवैध दो मंजिला व्यावसायिक भवन ध्वस्त, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
कोरबा। जिले के सीतामढ़ी क्षेत्र में रविवार को जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शासकीय भूमि पर बने एक अवैध दो मंजिला व्यावसायिक भवन को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के अनुसार भवन का निर्माण सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर किया गया था। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद संबंधित भूमि की जांच कराई गई, जिसमें शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित पक्ष को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया और सुनवाई सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अवैध निर्माण हटाने का निर्णय लिया गया।
रविवार सुबह तहसील और नगर निगम की संयुक्त टीम जेसीबी, पोकलेन मशीन और अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में दो मंजिला व्यावसायिक भवन को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे और कई लोगों ने पूरी कार्रवाई अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड की।
नायब तहसीलदार दीपक कुमार ने बताया कि संबंधित भूमि पर शासकीय नियमों का उल्लंघन कर अवैध कब्जा किया गया था। उन्होंने कहा कि जांच, नोटिस और सुनवाई की पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने कहा है कि शासकीय एवं सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। जहां भी अवैध निर्माण चिन्हित होंगे, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले आवश्यक अनुमति प्राप्त करें और निर्धारित नियमों का पालन करें।


