कांकेर में मुठभेड़: वांटेड महिला नक्सली रूपी रेड्डी ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के छोटेबेठिया क्षेत्र के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक महिला नक्सली को मार गिराया गया। मारी गई नक्सली की पहचान वांटेड एरिया कमेटी मेंबर (ACM) रूपी रेड्डी के रूप में हुई है, जो लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर थी।


सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक, इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की।


एसपी ने की पुष्टि, मौके से शव बरामद

मुठभेड़ समाप्त होने के बाद मौके से महिला नक्सली रूपी रेड्डी का शव बरामद किया गया। कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने घटना की पुष्टि की है। फिलहाल, इलाके में अन्य नक्सलियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।


नक्सली संगठन की सक्रिय सदस्य थी रूपी

रूपी रेड्डी लंबे समय से सक्रिय नक्सली कैडर में शामिल थी और सुरक्षा एजेंसियां उसे आत्मसमर्पण के लिए लगातार प्रेरित कर रही थीं। बावजूद इसके वह संगठन की गतिविधियों में सक्रिय बनी रही।


विजय रेड्डी की थी पत्नी

बताया जा रहा है कि रूपी रेड्डी, स्टेट कमेटी मेंबर (SCM) विजय रेड्डी की पत्नी थी, जो पहले ही मुठभेड़ में मारा जा चुका है। रूपी क्षेत्र में नक्सलियों को सरेंडर से रोकने में सक्रिय भूमिका निभा रही थी।


नक्सल नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई

प्रदेश में नक्सल नेटवर्क के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में कई नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है और सुरक्षा बलों को बड़ी मात्रा में नकदी और सोना भी बरामद हुआ है।


नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य

केंद्र सरकार द्वारा 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य तय किया गया था। केंद्रीय गृह मंत्री ने हाल ही में दावा किया है कि देश में नक्सली हिंसा में काफी कमी आई है और अधिकांश क्षेत्रों में इसका प्रभाव समाप्त हो चुका है।

Back to top button