
बिलासपुर में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई: दो सगी बहनें गिरफ्तार, 6 किलो गांजा और लाखों नकद जब्त
बिलासपुर। शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सगी बहनें हैं, जो पहचान छिपाकर अलग-अलग नामों से गांजा बेचने का काम कर रही थीं।
मुखबिर सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि मोपका के पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर क्षेत्र में दो महिलाएं गांजा सप्लाई कर रही हैं। इसके बाद एसीसीयू टीम और सरकंडा पुलिस ने संयुक्त रूप से योजना बनाकर छापेमारी की और दोनों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
स्कूटी और कार में कर रही थीं सप्लाई
छापेमारी के दौरान दोनों महिलाएं स्कूटी और कार में गांजा लेकर सप्लाई करते हुए पकड़ी गईं। तलाशी में उनके पास से 6 किलो गांजा, 5 लाख 98 हजार रुपए नकद, एक कार, दो स्कूटी, मोबाइल फोन और घड़ियां बरामद की गईं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 15 लाख 78 हजार रुपए आंकी गई है।
नाम बदलकर चला रही थीं नेटवर्क
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30) और सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40) के रूप में हुई है। दोनों मस्तूरी क्षेत्र के जयराम नगर की रहने वाली हैं और सरकंडा इलाके में रहकर नशे का कारोबार चला रही थीं। पुलिस के अनुसार, दोनों अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग नामों का इस्तेमाल करती थीं।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बहनों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। गांजा बिक्री से कमाए पैसों से उन्होंने स्कूटी खरीदी थी, जिसका इस्तेमाल सप्लाई के लिए किया जा रहा था।
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। साथ ही उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।


