कांकेर में सुरक्षाबलों ने बरामद किया 5 किलो का प्रेशर कुकर आईईडी
सर्चिंग अभियान के दौरान मिली सफलता, बीडीएस टीम ने मौके पर किया निष्क्रिय
कांकेर, 21 जुलाई। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कांकेर पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल करते हुए जंगल-पहाड़ी क्षेत्र से करीब पांच किलोग्राम वजन का प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया। बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) ने मौके पर ही आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।
सर्चिंग अभियान के दौरान मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के ग्राम ब्रेहबेड़ा के जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला पुलिस बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी सर्चिंग अभियान पर निकली थी। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को प्रेशर कुकर में लगाया गया आईईडी मिला, जिसे बीडीएस टीम ने सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चल रहा अभियान
पुलिस ने बताया कि बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा के निर्देशन तथा बीएसएफ और कांकेर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के संवेदनशील और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।
संयुक्त टीम रही शामिल
कार्रवाई में बीएसएफ 94वीं वाहिनी बांदे के अधिकारियों, बीएसएफ की बम निरोधक टीम तथा जिला पुलिस बल के जवान शामिल रहे, जिन्होंने समन्वय के साथ अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान रहेगा जारी
कांकेर पुलिस के अनुसार, नक्सल प्रभावित एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों का संयुक्त सर्चिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।



