व्यापार विहार में अवैध हुक्का बार पर पुलिस की छापेमार कार्रवाई
6 हुक्का पॉट, 10 पाइप और फ्लेवर जब्त, संचालक फरार
बिलासपुर, 21 जुलाई। सिविल लाइन पुलिस ने व्यापार विहार क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार पर छापेमार कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में हुक्का सामग्री जब्त की है। कार्रवाई के दौरान हुक्का बार संचालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि व्यापार विहार स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के पास एक मकान की तीसरी मंजिल पर अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस पहुंचते ही भागे संचालक और ग्राहक
छापेमारी के दौरान हुक्का पी रहे ग्राहक मौके से भाग निकले। वहीं, हुक्का बार संचालक श्रीकांत प्रजापति निवासी कुम्हारपारा, जरहाभाठा (थाना सिविल लाइन) तथा सोनू दास मानिकपुरी निवासी फंदवानी, जिला मुंगेली भी पुलिस को देखकर फरार हो गए।
बड़ी मात्रा में हुक्का सामग्री जब्त
पुलिस ने मौके से 6 कांच के हुक्का पॉट, 10 हुक्का पाइप, जेल फ्लेवर के 3 पैकेट, 2 स्मोकिंग सिरना, 10 हुक्का टिप्स तथा एक स्टील की चिमटी जब्त की है।
तंबाकूयुक्त फ्लेवर से चल रहा था कारोबार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सिगरेट और तंबाकू युक्त फ्लेवर का उपयोग कर ग्राहकों से प्रति घंटे के हिसाब से शुल्क लेकर हुक्का पिलाते थे और अवैध रूप से आर्थिक लाभ कमा रहे थे।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



