
कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या, घर में घुसकर की फायरिंग
जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
घर में घुसकर की ताबड़तोड़ फायरिंग
मामला बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव का है। बताया जा रहा है कि बदमाश सीमेंट-रेत व्यवसायी और पूर्व ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसे और परिवार के सदस्यों को निशाना बनाते हुए अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
बड़े बेटे की मौके पर मौत
हमले के दौरान उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छोटे बेटे को भी गोली लगी है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों नकाबपोश आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
(खबर अपडेट जारी…)


