
सक्ती में पुलिस सब-इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप : शादी का झांसा देकर शोषण, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी
सक्ती, 23 अप्रैल । जिले में पदस्थ एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर पर एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अधिकारी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे धोखे में रखा।
शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
महिला के अनुसार, आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर विश्वास में लिया और उसके साथ संबंध स्थापित किए। दोनों की पहचान करीब तीन साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई थी।
गर्भपात कराने का भी आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि संबंधों के दौरान आरोपी ने उसका गर्भपात भी कराया। इसके बाद अब वह अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है।
शिकायत वापस लेने का दबाव
महिला का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद से उस पर लगातार मामला वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। यहां तक कि एसडीओपी कार्यालय के सामने भी उसे धमकाया गया।
एसपी और आईजी से लगाई गुहार
पीड़िता ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत एसपी और आईजी को सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


