कोंडागांव में सामूहिक भोज के बाद बिगड़ी तबीयत, एक महिला की मौत

कोंडागांव। जिले के तमरावंड गांव में सामूहिक भोज के बाद कई ग्रामीणों की तबीयत अचानक खराब हो गई। घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक गांव में धार्मिक पूजा-अर्चना के बाद सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया था। भोज में शामिल लोगों ने प्रसाद और भोजन ग्रहण किया, जिसके कुछ समय बाद कई ग्रामीणों को उल्टी, पेट दर्द, चक्कर और कमजोरी जैसी शिकायतें होने लगीं।

ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुल 17 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें से कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 9 मरीजों का इलाज अब भी अस्पताल में जारी है। उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई।

घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भोजन के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर भोजन में किस वजह से विषाक्तता फैली।

सिविल सर्जन डॉ. टीएल मंडावी ने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही फूड प्वाइजनिंग के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इधर स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि सामूहिक आयोजनों में ताजा और स्वच्छ भोजन का ही उपयोग किया जाए तथा लंबे समय तक रखे गए भोजन के सेवन से बचें।

Back to top button