
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव की तैयारी तेज, नामांकन और सदस्यता कार्यक्रम जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस में संगठनात्मक चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रदेश स्तर पर चुनाव प्रक्रिया की रूपरेखा जारी करते हुए नामांकन, सदस्यता अभियान और मतदान कार्यक्रम की जानकारी साझा की है।
रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में भारतीय युवा कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह और प्रदेश चुनाव प्रभारी रोशन नेगी ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि ब्लॉक और जिला स्तर के पदों के लिए 29 मई से 13 जून तक नामांकन लिए जाएंगे।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी से जुड़े पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 जून से 13 जून तक चलेगी। चुनावी प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए पूरे प्रदेश को पांच अलग-अलग जोन में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक जोन में अलग-अलग चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।
नामांकन जमा होने के बाद 15 जून से 18 जून तक दस्तावेजों की जांच और स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद ऑनलाइन सदस्यता अभियान और मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी।
युवा कांग्रेस ने सदस्यता के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि सदस्यता प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए वोटर आईडी अनिवार्य रहेगी। साथ ही आवेदन करने वाले युवाओं को अपना एक छोटा वीडियो भी अपलोड करना होगा, जिसमें वे अपनी पहचान और जानकारी देंगे।
आयु सत्यापन के लिए 10वीं की अंकसूची, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या अन्य वैध दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे। संगठन ने “एक व्यक्ति-एक पद” का नियम भी लागू किया है, जिसके तहत कोई भी उम्मीदवार एक से अधिक पदों के लिए चुनाव नहीं लड़ सकेगा।
युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व की निगरानी में चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके तहत उम्मीदवारों का इंटरव्यू भी लिया जाएगा।


