छत्तीसगढ़

कोयला लेवी घोटाला: कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल की नियमित जमानत याचिका हाईकोर्ट से खारिज

नवरात्रि दिवाली मोबाइल मेगा ऑफर
श्री पारस कलेक्शन दिवाली धमाका
1795435532630

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाले में आरोपी कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को बिलासपुर हाईकोर्ट से झटका लगा है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि जांच में सामने आए तथ्यों और केस डायरी से आर्थिक अपराध में आवेदक की प्रथम दृष्टया संलिप्तता दिखाई देती है।

540 करोड़ की अवैध वसूली और 104.20 करोड़ के लेनदेन का आरोप

अभियोजन के अनुसार, प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिपोर्ट के आधार पर एसीबी/ईओडब्ल्यू (ACB/EOW) ने 17 जनवरी 2024 को 35 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। आरोप है कि कोयला परिवहन परमिट की ऑनलाइन व्यवस्था को मैनुअल सिस्टम में बदलकर प्रति टन 25 रुपये की दर से अवैध वसूली की गई और जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर सहित कोयला उत्पादक जिलों में करीब 540 करोड़ रुपये की अवैध लेवी जुटाई गई।

जांच एजेंसी का आरोप है कि रामगोपाल अग्रवाल ने कांग्रेस प्रदेश कोषाध्यक्ष पद पर रहते हुए देवेंद्र डडसेना के माध्यम से अवैध लेवी की राशि में से 104.20 करोड़ रुपये पार्टी के लिए लिए थे। जांच के दौरान उनके, उनके परिजनों और बेटे के नाम पर संपत्तियां खरीदे जाने की बात भी सामने आई है। रामगोपाल अग्रवाल को 8 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया था।

बचाव पक्ष और शासन की दलीलें

सुनवाई के दौरान अग्रवाल के अधिवक्ताओं ने गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए कहा कि उन्होंने जांच में सहयोग किया है और अब हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने ट्रायल में देरी और अन्य सह-आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने का हवाला देते हुए राहत मांगी।

दूसरी ओर, राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आवेदक खरीदी गई संपत्तियों के लिए आय का स्रोत स्पष्ट नहीं कर सके हैं और उनके बेटे के नाम पर भी कई संपत्तियां खरीदने के तथ्य सामने आए हैं।

समानता का आधार अस्वीकार, जमानत से इनकार

हाईकोर्ट ने कहा कि ट्रायल में देरी के लिए केवल अभियोजन पक्ष को जिम्मेदार ठहराने का कोई ठोस आधार नहीं है। अदालत ने यह भी उल्लेख किया कि जिन अन्य सह-आरोपियों को जमानत मिली, वे करीब डेढ़ से दो साल जेल में रहे थे, जबकि अग्रवाल को गिरफ्तार हुए लगभग तीन माह ही हुए हैं। ऐसे में समानता के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती। आर्थिक अपराध की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी और स्पष्ट किया कि आदेश की टिप्पणियों का ट्रायल पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button