कोरबा: ओवरब्रिज के नीचे सो रहे मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

सुबह हुए विवाद का दोपहर में लिया बदला, लकड़ी से लगातार वार कर उतारा मौत के घाट

कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे स्थित चबूतरे पर हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लकड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर मजदूर की जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया।

सुबह हुए विवाद के बाद दोपहर में वारदात

पुलिस के मुताबिक, मृतक राजेश महाराज (40) मजदूरी का काम करता था और रोज की तरह ओवरब्रिज के नीचे काम की तलाश में बैठता था। आरोपी भरत साहू (38) भी उसी इलाके में रहता था और नशे का आदी बताया जा रहा है। सोमवार सुबह आरोपी नशे की हालत में बिना कपड़ों के घूम रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और राजेश ने उसकी पिटाई कर दी।

चबूतरे पर सो रहे मजदूर पर किया हमला

दोपहर में राजेश चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान भरत वहां पहुंचा और लकड़ी से उसके सिर पर लगातार कई वार कर दिए। आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी हो चुका था विवाद

पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट हो चुकी थी। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

Back to top button