रायगढ़: दो दिन बाद बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश से गर्मी से राहत; सप्ताहभर बारिश के आसार
गरज-चमक के साथ हुई अच्छी बारिश, तापमान में गिरावट की संभावना; कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी रही बाधित
रायगढ़। जिले में दो दिनों के अंतराल के बाद मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान पर काले बादल छा गए और तेज गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश हुई। बारिश से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने आगामी सप्ताहभर जिले में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान की संभावना जताई है।
तापमान में आएगी लगातार गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार से तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले दिन इसमें और गिरावट दर्ज होने के साथ तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हुई बारिश
सोमवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक घुल गई। वहीं छाल, धरमजयगढ़, जामंगा तथा तिलगा-भगोरा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
पूरे सप्ताह बने रहेंगे बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, पूरे सप्ताह आसमान में बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में लगातार गिरावट आने की उम्मीद है।
बारिश के बीच बिजली कटौती से लोग परेशान
बारिश के दौरान शहर के जोन-2 के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर से बिजली बंद रही और शाम को आपूर्ति बहाल होने के कुछ ही देर बाद गरज-चमक शुरू होते ही फिर बिजली गुल हो गई। लोगों का आरोप है कि मेंटेनेंस के नाम पर पहले से बिजली कटौती की जाती है, इसके बावजूद हल्की बारिश में भी आपूर्ति ठप हो जाना बिजली व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।


