कोरबा : राज ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार; कर्नाटक से धराया विष्णु राठिया

कोरबा : जिले के कटघोरा स्थित ‘राज ज्वेलर्स’ में हुई सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे मुख्य आरोपी विष्णु राठिया को कोरबा पुलिस की विशेष टीम ने कर्नाटक बॉर्डर के हिन्दूपुरम औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक प्लांट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

क्या थी घटना?

बीते 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:00 बजे तीन अज्ञात आरोपी (दो पुरुष और एक महिला) ग्राहक बनकर दुकान पहुंचे थे। आरोपियों ने अपने चेहरे गमछे से ढके हुए थे। दुकान में मौजूद मालिक राजकुमार अग्रवाल को कट्टा दिखाकर आरोपियों ने लूट की कोशिश की और उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डालने का प्रयास किया। इस दौरान हुई छीना-झपटी में दुकानदार घायल हो गया था। लोगों के जुटने के कारण आरोपी अपना कट्टा, बाइक और अन्य सामान छोड़कर मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस की सक्रियता और पूर्व में हुई गिरफ्तारियाँ

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते 6 जुलाई 2026 को ही दो आरोपियों—गोपाल सिंह गोंड और परदेशी राम राठिया—को गिरफ्तार कर लिया गया था।

कर्नाटक तक बिछाया गया जाल

मुख्य आरोपी विष्णु राठिया की तलाश में पुलिस की साइबर सेल और विशेष टीम लगातार जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस टीम कर्नाटक पहुंची, जहाँ आरोपी को औद्योगिक क्षेत्र से दबोच लिया गया।
इस गिरफ्तारी के साथ ही राज ज्वेलर्स लूटकांड के सभी मुख्य संदिग्ध अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस की इस तत्परता ने क्षेत्र में बढ़ रहे आपराधिक तत्वों के हौसले पस्त कर दिए हैं।

Back to top button