मैनपाट में जमकर गिरा पाला, तापमान पांच डिग्री के करीब

अंबिकापुर में तापमान सात डिग्री तक पहुंचा लगातार तापमान में हो रही गिरावट के बीच मैनपाट क्षेत्र में इस सीजन में पहली बार पाला पड़ा। यहां आज सुबह बर्फ के समान पाला जमा नजर आया। लोग इसका जमकर आनंद उठाते नजर आए।

अंबिकापुर। कड़ाके की ठंड के बीच उत्तर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में जमकर पाला गिरा है। यहां का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री के करीब पहुंच गया है। रविवार सुबह मैनपाट के रोपाखार सहित अन्य इलाके में मैदान, पुआल के ढेरों में बर्फ के समान सफेद चादर बिछी नजर आई। इधर संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में भी पारा सात डिग्री के करीब पहुंच गया है। 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम साफ होने के बाद ठंड के सरगुजिया तेवर से लोग सिहर उठे हैं। मौसम विभाग ने पहले से ही इस बात की संभावना जताई थी कि चक्रवात का असर समाप्त होते ही कड़ाके की ठंड पड़ेगी और अनुमान सही भी हुआ।

लगातार तापमान में हो रही गिरावट के बीच मैनपाट क्षेत्र में इस सीजन में पहली बार पाला पड़ा। यहां आज सुबह बर्फ के समान पाला जमा नजर आया। लोग इसका जमकर आनंद उठाते नजर आए। चूंकि आज रविवार है इसलिए आज मैनपाट में भी पर्यटकों की खासी भीड़ उमड़ेगी।

कड़ाके की ठंड के बीच मैनपाट में पर्यटकों के घूमने-फिरने, ठहरने और खाने पीने के लिए कई तरह की सुविधाएं विकसित हो जाने के बाद अब यह इलाका बेहतर पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित हो गया है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे के दौरान तापमान में गिरावट की संभावना है, हालांकि विक्षोभ का असर होने से बादल भी आएंगे लेकिन उत्तरी दिशा से ठंडी हवाओं का प्रवाह बाधित नहीं होगा इस कारण से तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी होने की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button