
गैंदाटोला में नशे के खिलाफ मुहिम तेज, अवैध शराब कारोबारियों को चेतावनी
छुरिया क्षेत्र के ग्राम गैंदाटोला में अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। लगातार मिल रही शिकायतों के बीच सामाजिक कार्यकर्ता अनिस सोनी ने गांव को नशामुक्त बनाने की पहल शुरू करते हुए अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है।
उन्होंने कहा कि गांव में बढ़ता नशे का कारोबार युवाओं और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ अब सामाजिक स्तर पर भी सख्त अभियान चलाया जाएगा।
“गांव को नशे का अड्डा नहीं बनने देंगे”
अनिस सोनी ने कहा कि गैंदाटोला को किसी भी हालत में नशे का केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले भी गांव में शराब दुकान खोलने का विरोध किया गया था और आगे भी नशे के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि चाहे सरकारी शराब बिक्री हो या अवैध तरीके से शराब बेचकर लोगों को नशे की ओर धकेला जाए, दोनों ही स्थितियों का विरोध किया जाएगा।
सूचना देने वालों को इनाम की घोषणा
नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत बनाने के लिए अनिस सोनी ने अवैध शराब बिक्री की जानकारी देने वाले लोगों को 2500 रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
आबकारी विभाग से कार्रवाई की मांग
उन्होंने कहा कि गांव में अवैध शराब बेचने वालों की जानकारी प्रशासन और आबकारी विभाग तक पहुंचाई जाएगी, ताकि संबंधित लोगों पर आबकारी एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई हो सके।
अनिस सोनी ने ग्रामवासियों से अपील की कि वे गांव को नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय सहयोग करें और समाज को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के खिलाफ खुलकर सामने आएं।


