घरघोड़ा जनपद में राजमिस्त्री प्रशिक्षण योजना पर सवाल, लाखों रुपए के फर्जीवाड़े के आरोप

रायगढ़। जनपद पंचायत घरघोड़ा में राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर दावा किया जा रहा है कि प्रशिक्षण योजना में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी हुई है। मामले को लेकर पंचायत व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2023-24 और 2024-25 के दौरान ग्रामीण युवाओं को निर्माण कार्यों में प्रशिक्षित करने और रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जाना था। इस योजना के लिए शासन की ओर से करीब 26 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी। योजना का संचालन जनपद पंचायत घरघोड़ा की आवास शाखा के माध्यम से किया जाना था।

अब आरोप लगाए जा रहे हैं कि कई ग्राम पंचायतों में प्रशिक्षण शिविर केवल दस्तावेजों तक सीमित रहे। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जिन गांवों में प्रशिक्षण आयोजित होने का उल्लेख किया गया है, वहां न तो किसी प्रकार का प्रशिक्षण हुआ और न ही ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी गई।

सूत्रों के मुताबिक योजना के तहत फर्जी मस्टररोल, संदिग्ध उपस्थिति पंजी और कागजी रिकॉर्ड तैयार कर भुगतान निकाले जाने की आशंका जताई जा रही है। आरोप यह भी है कि कई ऐसे लोगों के नाम सूची में दर्ज किए गए, जिन्होंने किसी प्रकार का प्रशिक्षण प्राप्त ही नहीं किया।

मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि प्रशिक्षण कार्यक्रम वास्तव में संचालित किए गए थे, तो उनके फोटो, वीडियो, लाभार्थियों के सत्यापन और अन्य भौतिक प्रमाण कहां हैं। सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता नहीं होने के कारण ऐसी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच ऑडिट व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि नियमित जांच और ऑडिट के बावजूद यदि इतनी बड़ी राशि के उपयोग को लेकर संदेह पैदा हो रहा है, तो निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर पुनर्विचार की जरूरत है।

ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित दस्तावेजों, भुगतान रिकॉर्ड और मस्टररोल की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई जा रही है।

फिलहाल मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Back to top button