घर वापस आइये अभियान को मिल रही लगातार सफलता, एक लाख के इनामी पुरुष सहित महिला नक्सली का सरेंडर

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे लोन वर्राटू (घर वापस आइये) अभियान को लगातार सफलता मिल रही है। दंतेवाड़ा पुलिस के समक्ष एक लाख के इनामी पुरुष सहित एक महिला नक्सली ने सरेंडर कर दिया। समर्पित नक्सली फोर्स को नुकसान पहुंचाने सहित कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। लोन वर्राटू अभियान के तहत जिले में अब तक 128 इनामी माओवादियों सहित कुल 524 नक्सली आत्म समर्पण कर चुके हैं।

दंतेवाड़ा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि 6 मार्च को भांसी थाना क्षेत्र में माओवादी संगठन के सीएनएम सदस्य रीता तेलाम पिता सुखराम तेलाम ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पित महिला नक्सली 2015 में लूटपाट, डकैती, पुलिस पार्टी पर फायरिंग व फोर्स को नुकसान पहुंचाने सहित कई घटनाओं में शामिल रहीं है। महिला नक्सली पर भांसी थाने में कई अपराध भी दर्ज है। इसी तह 5 मार्च को भैरमगढ़ एरिया कमेटी के अंतर्गत माटवाड़ा एलओएस सदस्य सोमारू उर्फ आयतु मंडावी (24) ने नक्सलियों की खोखली विचारधारा से त्रस्त होकर सरेंडर कर दिया।

फोर्स के दबाव में बैकफुट पर नक्सली 
एसपी ने बताया कि सोमारू मंडावी बिरियाभूमि पटेलपारा, थाना भैरमगढ़, जिला- बीजापुर का निवासी है। सोमारू उर्फ आयतु पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। आयतु 2012 से 2021 तक फोर्स को नुकसान पहुंचाने, मुठभेड़, हत्या, लूट, ब्लास्ट सहित कई घटनाओं में शामिल रहा है। एसपी ने बताया कि फोर्स के दबाव में नक्सली लगातार बैकफुट पर हैं। नक्सल संगठन के कई माओवादियों को पुलिस ने अभी एनकाउंटर में मार गिराया है। नक्सलियों के लगातार आत्मसमर्पण से माओवादी संगठन लगातार कमजोर हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button