छत्तीसगढ़ : चक्रवात ‘मुरासु’ का असर, अगले तीन दिन बारिश और आंधी की चेतावनी; बस्तर संभाग में भारी बारिश का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के बाद अब चक्रवात ‘मुरासु’ के असर की संभावना जताई गई है। इसके चलते प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने 2 से 4 नवंबर तक अलग-अलग जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 2 नवंबर को कांकेर और धमतरी समेत प्रदेश के 9 जिलों में यलो अलर्ट है। वहीं, 3 और 4 नवंबर को बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
रायपुर में बादल छाए रहने और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
जगदलपुर में सबसे ज्यादा तापमान, पेण्ड्रा रोड में सबसे कम
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रहा।
इस दौरान बलरामपुर में सबसे ज्यादा 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि ओरछा में 10 मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह
अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।


