छत्तीसगढ़ : धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर भूपेश बघेल का तंज, बोले- ‘कोई तो केमिकल लोचा है’

रायपुर। कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ गया है। इस मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शास्त्री पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, ‘कोई तो केमिकल लोचा है।’

भूपेश बघेल ने अपनी पोस्ट में आगे आरोप लगाया कि हिंदू धर्म की बात करने वाले धीरेंद्र शास्त्री अब हिंदुओं के आराध्य देवी-देवताओं की खिल्ली उड़ा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इस बयान पर हिंदू धर्म के ठेकेदारों की भावनाएं आहत क्यों नहीं हो रही हैं।

राम-श्रीकृष्ण की तुलना पर शुरू हुआ विवाद

पूरा विवाद मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में आयोजित रामकथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी से शुरू हुआ। उन्होंने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की मुद्राओं का जिक्र करते हुए कहा था कि श्रीकृष्ण की मुद्रा तीन जगह से टेढ़ी होती है, जबकि भगवान श्रीराम सीधे खड़े होते हैं।

इसके अलावा उन्होंने अयोध्या और वृंदावन की तुलना को लेकर भी टिप्पणी की थी। बयान का वीडियो सामने आने के बाद मथुरा के साधु-संतों ने नाराजगी जताई और धीरेंद्र शास्त्री से माफी मांगने की मांग की।

विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वीडियो जारी कर अपनी बात स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी का गलत अर्थ निकाला गया है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण में भेद करने का उनका कोई इरादा नहीं था।

शास्त्री ने कहा कि वे स्वयं भगवान श्रीकृष्ण और ब्रज के भक्त हैं। वे श्रीमद्भागवत कथा भी करते हैं और राम-कृष्ण को एक ही मानते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों में कोई अंतर नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी बात या व्याख्या से किसी की भावना आहत हुई है तो वे इसके लिए माफी मांगते हैं।

पहले भी आमने-सामने आ चुके हैं भूपेश बघेल और धीरेंद्र शास्त्री

भूपेश बघेल और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच इससे पहले भी बयानबाजी हो चुकी है। वर्ष 2025 में भूपेश बघेल ने शास्त्री पर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगाया था।

इसके जवाब में धीरेंद्र शास्त्री ने मंच से कहा था कि यदि हिंदू समाज को जोड़ना अंधविश्वास है तो ऐसे लोगों को देश छोड़ देना चाहिए। इसके बाद बघेल ने पलटवार करते हुए कहा था कि वे धीरेंद्र शास्त्री के जन्म से पहले से हनुमान चालीसा पढ़ रहे हैं। उन्होंने शास्त्री पर भाजपा के एजेंट होने का आरोप भी लगाया था।

ताजा विवाद में अब भूपेश बघेल की सोशल मीडिया पोस्ट और धीरेंद्र शास्त्री की सफाई के बाद धार्मिक और राजनीतिक हलकों में बयानबाजी तेज हो गई है।

Back to top button