छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का निधन, भाजपा में शोक की लहर

छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रूपनारायण सिन्हा का रविवार को निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि रूपनारायण सिन्हा बिलासपुर के तिफरा क्षेत्र में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस प्रशिक्षण अभियान की जिम्मेदारी भी उनके पास थी। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

तबीयत खराब होने के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल ले जाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक फैल गया।

संगठन और सामाजिक गतिविधियों में रहे सक्रिय

रूपनारायण सिन्हा लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे। वे संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ योग और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने योग जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी अभियानों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

राजनीतिक और सामाजिक जगत ने जताया दुख

उनके निधन की खबर के बाद भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। कई नेताओं ने इसे संगठन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।

फिलहाल उनके अंतिम संस्कार और अन्य कार्यक्रमों को लेकर जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Back to top button