जशपुर में वायरलेस टॉवर पर चढ़ी महिला ने की आत्महत्या, घंटों चला रेस्क्यू अभियान

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने थाना परिसर के सामने स्थित वायरलेस टॉवर पर चढ़कर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान निलिमा लकड़ा (22) निवासी ग्राम धुमाडांड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी मां और चार वर्षीय बेटी के साथ कुनकुरी आई थी। इस दौरान अचानक वह परिवार से अलग हो गई और कुछ समय बाद थाना परिसर के सामने बने वायरलेस टॉवर पर चढ़ गई।

समझाने की कोशिश के बावजूद नहीं मानी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर सेना, डीडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाइश दी और बातचीत के जरिए उसे शांत करने का प्रयास किया।

हालांकि काफी देर तक चले प्रयासों के बावजूद महिला टॉवर से नीचे नहीं उतरी और उसने दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। टॉवर की ऊंचाई अधिक होने के कारण शव को नीचे उतारने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

घंटों चला बचाव अभियान

मौके पर करीब तीन से चार घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। थाना परिसर के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा रही।

मानसिक तनाव की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के लंबे समय से मानसिक तनाव में रहने की बात सामने आई है। रिश्तेदारों के अनुसार वह मोबाइल पर आत्महत्या और फांसी से जुड़े वीडियो व सामग्री भी देखा करती थी।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और परिजनों व परिचितों से पूछताछ की जा रही है।

Back to top button