जननेता रोशनलाल अग्रवाल की जयंती पर 20 जून को विशाल रक्तदान शिविर

समर्थकों, प्रशंसकों और आमजनों से रक्तदान की अपील

रायगढ़। लोकप्रिय पूर्व विधायक एवं जननेता स्वर्गीय रोशनलाल अग्रवाल की जयंती के अवसर पर 20 जून 2026 को रायगढ़ कमलम परिवार द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक अग्रोहा भवन, गौरीशंकर मंदिर चौक, रायगढ़ में आयोजित होगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए रायगढ़ कमलम परिवार के सक्रिय सदस्य एवं स्व. रोशनलाल अग्रवाल के सुपुत्र गौतम अग्रवाल ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक नए रक्तदाताओं को तैयार करना और रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जो लोग आज तक रक्तदान नहीं कर पाए हैं, उन्हें इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर वे अपने परिवार और समाज के लिए सहयोगी बन सकें।

गौतम अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में कई तरह की भ्रांतियां और डर मौजूद हैं। शिविर के माध्यम से लोगों को इन गलतफहमियों से बाहर निकालकर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी बड़ी संख्या में रक्तदाताओं के सहभागिता की उम्मीद है।

उन्होंने समर्थकों, प्रशंसकों एवं आमजनों से अपील करते हुए कहा कि स्व. रोशनलाल अग्रवाल की जयंती पर आयोजित इस रक्तदान शिविर में शामिल होकर किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने के इस महाअभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई सेवा नहीं है, क्योंकि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और यह केवल मानव से मानव को ही प्राप्त हो सकता है।

गौतम अग्रवाल ने कहा कि स्व. रोशनलाल अग्रवाल सदैव जनसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों के लिए लोगों को प्रेरित करते रहे। उनकी स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम है।

रायगढ़ कमलम परिवार ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने और इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

Back to top button