बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का हमला, आज होगा बिजली विभाग का घेराव

रायगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप

[img-slider id="274450"]

रायगढ़। बिजली दरों में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जिला कांग्रेस भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मनेंद्रगढ़ के पूर्व विधायक विनय जायसवाल ने राज्य सरकार पर आम जनता को आर्थिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया और बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष नागेंद्र नेगी, शहर अध्यक्ष शाखा यादव, पूर्व विधायक प्रकाश नायक, संगठन प्रभारी महामंत्री दीपक मंडल, नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया, पूर्व प्रभारी महामंत्री विकास शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पांचवीं बार बिजली दर बढ़ाने का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार ने एक बार फिर बिजली दरों में वृद्धि कर आम उपभोक्ताओं, किसानों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। कांग्रेस के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट, गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तथा कृषि पंपों के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की गई है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार पांचवीं बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है, जबकि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में न्यूनतम वृद्धि की गई थी और बिजली बिल हाफ योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को राहत दी जाती थी।

स्मार्ट मीटर पर भी उठाए सवाल

प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कई उपभोक्ताओं को सामान्य खपत की तुलना में अधिक बिजली बिल प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार (लोड) बढ़ाने तथा अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं।

कांग्रेस ने मांग की कि प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार किया जाए और जनता की शिकायतों का समाधान किया जाए।

अघोषित बिजली कटौती का भी मुद्दा

कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर उपभोक्ताओं से अधिक बिल वसूले जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति भी नहीं मिल पा रही है।

आज बिजली विभाग का घेराव

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की कि बिजली दर वृद्धि, स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में 19 जून को रायगढ़ स्थित विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन आम जनता के हित में किया जा रहा है और यदि सरकार ने मांगों पर विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Back to top button