जशपुर : जिला अस्पताल परिसर से स्कूटी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया वाहन

जशपुर: जिला अस्पताल परिसर से स्कूटी चोरी की वारदात का सिटी कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली है।

क्या थी घटना?

जिला अस्पताल में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत अनिमा लकड़ा (35) ने 9 जुलाई 2026 को अपनी स्कूटी अस्पताल परिसर स्थित सिटी स्कैन यूनिट के सामने पार्क की थी। ड्यूटी के बाद जब वे लौटीं, तो वाहन वहां से गायब था। इस पर पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर मिली कामयाबी

पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। 13 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि मिलन चौक के पास एक व्यक्ति चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी जागेश्वर विश्वकर्मा (35), निवासी ग्राम तमया (थाना सन्ना), को हिरासत में लिया।

चाबी लगी देखकर चोरी की नीयत बदली

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि अस्पताल परिसर में खड़ी स्कूटी में चाबी लगी हुई थी, जिसे देखकर उसने मौका पाकर वाहन चोरी कर लिया। पहचान छिपाने के लिए उसने स्कूटी के आगे-पीछे लगे रजिस्ट्रेशन नंबर को भी मिटा दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्कूटी जब्त कर ली है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख, एएसआई मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा और आरक्षक शोभनाथ सिंह व विनोद तिर्की की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Back to top button