रायगढ़: 9 महीने से अटकी पेंशन के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
रायगढ़: सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मिलने वाली पेंशन राशि पिछले नौ महीनों से लंबित होने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ा विरोध प्रदर्शन करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और जल्द भुगतान की मांग की।
आर्थिक संकट से जूझ रहे हितग्राही
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि पेंशन न मिलने से जिले के बुजुर्ग, विधवाएं, दिव्यांग और निराश्रित लोग भारी आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल अनेक हितग्राहियों ने बताया कि पेंशन ही उनके जीवन-यापन का प्रमुख आधार है। लंबे समय से राशि न मिलने के कारण अब उनके सामने दवा, राशन और दैनिक जरूरतों को पूरा करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
विधायक निवास के सामने नारेबाजी
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक ओपी चौधरी के निवास के सामने पहुंचकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन जरूरतमंद परिवारों का एकमात्र सहारा है, लेकिन महीनों तक भुगतान न होना संवेदनहीनता का परिचय है।
कड़ी चेतावनी के साथ सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि लंबित पेंशन राशि का भुगतान तत्काल प्रभाव से किया जाए और भविष्य में वितरण प्रक्रिया को नियमित बनाया जाए। कांग्रेस नेताओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हितग्राहियों के खाते में राशि नहीं पहुंची, तो पार्टी के स्तर पर आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।



