
जशपुर। जिले के पत्थलगांव में तेज रफ्तार और अनियंत्रित अर्टिगा कार ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। कार ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि कई लोग इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जिंदल बजाज शोरूम के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पालीडीह स्थित जिंदल बजाज शोरूम के पास की है। अर्टिगा कार में चार युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि सभी युवक नशे की हालत में थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और शोरूम के पास खड़े कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
कार की चपेट में आने से कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। हादसे के दौरान शोरूम के कर्मचारी और आसपास मौजूद लोग भी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। दुर्घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने पर पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार में सवार एक युवक को हिरासत में लिया है। वहीं अन्य युवकों की तलाश की जा रही है।
CCTV फुटेज आया सामने
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार की टक्कर से मची अफरा-तफरी देखी जा सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और कार सवार युवकों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

