क्राइमछत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर : दीपक टंडन को कोर्ट से 3 दिन की पुलिस रिमांड, 19 नवंबर को फिर होगी पेशी; ब्लैकमेलिंग मामले में होगी पूछताछ

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कारोबारी दीपक टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस ने मंगलवार को उसे रायपुर न्यायालय में पेश किया, जहां से तीन दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की गई है। अब पुलिस 19 नवंबर तक उससे पूछताछ करेगी। जांच एजेंसियां इस दौरान कथित ब्लैकमेलिंग, धोखाधड़ी और अन्य गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल करेंगी।

न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग का आरोप

पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल के माध्यम से भ्रामक खबरें प्रकाशित कर लोगों की छवि खराब करने का आरोप है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की जाती थी। इसके बाद ऐसी तस्वीरें और खबरें प्रसारित करने की धमकी देकर कथित तौर पर पैसों की मांग की जाती थी।

इस संबंध में बिलासपुर के तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था।

6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए थे।

पुलिस का दावा है कि जब्त मोबाइल की जांच में आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है। इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

तीन दिन की रिमांड में इन पहलुओं पर होगी जांच

न्यायालय से पुलिस रिमांड मिलने के बाद अब जांच टीम आरोपी से कथित ब्लैकमेलिंग के तरीके, डिजिटल सामग्री तैयार करने और प्रसारित करने में शामिल लोगों तथा पैसों के लेनदेन के संबंध में पूछताछ करेगी।

पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

19 नवंबर को फिर न्यायालय में पेशी

तीन दिन की पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद दीपक टंडन को 19 नवंबर को दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस की पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद मामले में नए तथ्य सामने आने की संभावना है।

Show More
भीम तिवारी

भीम तिवारी

प्रधान संपादक
Back to top button