जशपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 6 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए

कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में चल रहे “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने कुनकुरी क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।

हाट-बाजार के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।


होटल, ढाबा और किराना दुकानों का निरीक्षण

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने किराना दुकानों, मौसमी फल-सब्जी विक्रेताओं, गन्ना रस और जूस विक्रेताओं, होटल तथा ढाबों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को स्वच्छता, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की छंटनी, सुरक्षित पेयजल भंडारण, पेस्ट कंट्रोल, फूड हैंडलर्स के मेडिकल और खाद्य लाइसेंस संबंधी जानकारी दी गई।


6 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए

निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता और मिलावट की आशंका पर 6 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

इनमें ऑरेंज स्क्वैश शरबत, चोको हेजल नट चॉकलेट, अमाजा मैंगो जूस ड्रिंक, आइस पंच कार्बोनेट ड्रिंक, मम्पी पैकेज्ड पानी और जुजु रोज केसर लॉलीपॉप शामिल हैं।

जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


व्यापारियों को दिए गए दिशा-निर्देश

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कुनकुरी के मेन रोड और बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित कई दुकानों और प्रतिष्ठानों को खाद्य व्यवसाय संचालन से जुड़े दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान लित कुमार अग्रवाल गल्ला दुकान, आर्या स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, रामजी होटल एंड नास्ता सेंटर, महेश ढाबा, कुमार किराना स्टोर और जैन ट्रेडर्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।


जल्द लगेगा जागरूकता और लाइसेंस शिविर

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि जल्द ही कुनकुरी और आसपास के क्षेत्रों के खाद्य कारोबारियों के लिए जागरूकता एवं खाद्य लाइसेंस शिविर सह कार्यशाला आयोजित की जाएगी।

विभाग का कहना है कि जिले में शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्रवाई और जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

Back to top button