जशपुर में घरेलू विवाद में बेटे ने पिता के सिर पर सील-लोढ़ा से किया वार, मौत
जशपुर, 8 अगस्त। जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के सिंगीबहार गांव में घरेलू विवाद के दौरान बेटे द्वारा पिता पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान बेटे ने अपने पिता के सिर पर सील-लोढ़ा से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल ले जाते समय पिता की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक कृष्णा सिंह के भतीजे योगादर सिंह को 6 अगस्त को जानकारी मिली कि कृष्णा सिंह के साथ उनके बेटे सूरज सिंह (32) ने मारपीट की है और वे घर में बेहोश पड़े हैं। सूचना मिलने पर योगादर मौके पर पहुंचा। वहां कृष्णा सिंह खटिया पर बेहोश मिले। उनके नाक, मुंह और कान से खून निकल रहा था। आरोपी सूरज सिंह भी मौके पर मौजूद था।
अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से कृष्णा सिंह को शासकीय अस्पताल केरसेई पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कुनकुरी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। मामला तपकरा थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी तपकरा पुलिस को भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवाद के बाद आवेश में किया हमला
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सूरज सिंह को 7 अगस्त को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता का स्वभाव झगड़ालू था और छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद कथित तौर पर आवेश में आकर सूरज ने घर में रखे सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल सील-लोढ़ा बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



