जशपुर: सड़क सुरक्षा को लेकर जिलेभर में जागरूकता अभियान, हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने की दिलाई शपथ
यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश, जल्द शुरू होगा विशेष चालानी अभियानजशपुर। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने और सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने रविवार को जिलेभर में व्यापक सड़क सुरक्षा जनजागरूकता अभियान चलाया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ अभियान संचालित किया गया।
नियम तोड़ने वालों को दिखाई गई जागरूकता फिल्म
अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने वालों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। वाहन चालकों को करीब एक घंटे तक सड़क सुरक्षा पर आधारित जागरूकता फिल्म दिखाई गई, जिसमें तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने से होने वाली दुर्घटनाओं के गंभीर परिणामों को दर्शाया गया।
दिलाई गई ‘सड़क सुरक्षा के सात वचन’ की शपथ
फिल्म प्रदर्शन के बाद वाहन चालकों को “सड़क सुरक्षा के सात वचन” की शपथ दिलाई गई। इसमें हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प शामिल था।
गांव से स्कूल तक चल रहा जागरूकता अभियान
जशपुर पुलिस द्वारा पिछले कई दिनों से सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके तहत गांवों में जनचौपाल, बाइक रैली, वीडियो संदेश, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम तथा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों में सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
जल्द शुरू होगी सख्त चालानी कार्रवाई
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि फिलहाल लोगों को समझाइश देकर जागरूक किया जा रहा है, लेकिन जल्द ही जिलेभर में विशेष चालानी अभियान चलाया जाएगा। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। जशपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।


