धमतरी: मछली कारोबारी की हत्या का खुलासा, 2 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

मजदूरी बढ़ाने के विवाद और रंजिश में वारदात को दिया अंजाम, लूटे गए 37 हजार रुपये भी जांच के दायरे में

धमतरी। जिले के नगरी थाना क्षेत्र में मछली कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने 2 नाबालिगों समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मजदूरी बढ़ाने को लेकर चल रहे विवाद और आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने कारोबारी की हत्या की। वारदात के बाद आरोपी नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए थे।

घर लौटते समय रास्ता रोककर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, गरियाबंद जिले के बोइरगांव दर्रीपारा निवासी विप्लव मंडल (55) धमतरी में मछली का कारोबार करते थे। 27 जून की रात वह अपने कर्मचारी चुम्मन यादव के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोरेगांव के पास पहले से घात लगाए आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।

कर्मचारी की आंख में झोंकी मिर्च, कारोबारी पर चाकू से हमला

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले विप्लव मंडल पर हमला किया और उनके साथ मौजूद कर्मचारी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। चुम्मन वहां से भाग निकला, जबकि आरोपियों ने कारोबारी पर चाकू से कई वार किए। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मजदूरी बढ़ाने को लेकर थे नाराज

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मृतक के फिश फार्म में मजदूरी करते थे। पुलिस के अनुसार, मजदूरी बढ़ाने की मांग पूरी नहीं होने और कारोबारी के व्यवहार से नाराज होकर आरोपियों ने हत्या की साजिश रची थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि 25 जून को भी वारदात की योजना बनाई गई थी, लेकिन उस दिन आरोपी सफल नहीं हो सके।

37 हजार रुपये और मोबाइल लेकर हुए फरार

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी कारोबारी के पास से 37 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। जांच के दौरान टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19), सुरेंद्र यादव (26) और जगदीश विश्वकर्मा (50) को गिरफ्तार किया गया। मामले में शामिल दो नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

कर्मचारी को भी बनाया सह-आरोपी

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कर्मचारी चुम्मन यादव को भी सह-आरोपी बनाया है। सभी पहलुओं की जांच जारी है और पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Back to top button