जांजगीर-चांपा में डकैती की साजिश नाकाम, हथियारों के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 14 अगस्त। बिर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए डकैती की कथित साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने करही स्थित सत्या मेडिकल एवं किराना दुकान में वारदात की तैयारी कर रहे पांच युवकों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो मोटरसाइकिल, लोहे के हथियार, एयर गन और चार कुदाली बरामद की गई हैं।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि किकिरदा जाने वाले मार्ग पर देशी-विदेशी शराब दुकान रोड के पास कुछ संदिग्ध युवक दो मोटरसाइकिलों पर मौजूद हैं। उनके पास हथियार भी थे और किसी बड़ी वारदात की तैयारी की जा रही थी।
सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर पांचों संदिग्धों को पकड़ लिया।
दुकान में डकैती की थी योजना
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने करही स्थित सत्या मेडिकल एवं किराना दुकान को निशाना बनाने की योजना की जानकारी दी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोटरसाइकिल, दो लोहे के पैरा/कटिया नुमा हथियार, एक एयर गन और चार लोहे की कुदाली बरामद की।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों को वारदात से पहले ही पकड़ लिए जाने से दुकान में संभावित डकैती को टाल दिया गया।
पांचों आरोपी जेल भेजे गए
मामले में बिर्रा थाने में BNS की धारा 310(4) और 310(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार कर्ष (28), जितेंद्र साहू (29), राजेंद्र उर्फ राजा साहू (33), रंजीत साहू (27) और भीम साथी (27) के रूप में हुई है।
पुलिस ने जब्त हथियारों और आरोपियों के संबंध में आगे की जांच शुरू कर दी है।







