
जांजगीर-चांपा में निर्माणाधीन मकान में 4 लोगों के शव मिलने से सनसनी
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम भवंतरा में एक निर्माणाधीन मकान के भीतर चार लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
निर्माणाधीन मकान में खाट पर मिले शव
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात की यह घटना बताई जा रही है। सुबह निर्माण कार्य के लिए पहुंचे एक मिस्त्री ने चारों को खाट पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा।
इसके बाद स्थानीय लोगों और ग्राम सरपंच को सूचना दी गई।
चारों निर्माण कार्य से जुड़े थे
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक निर्माणाधीन मकान के कार्य से जुड़े हुए थे और वहीं ठहरे हुए थे।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है।
पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत का है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


