जांजगीर: नदी में बहे दूसरे बच्चे का शव आज सुबह मिला

2 Min Read

किशोर का शव मिलने के पश्चात पोस्टमार्टम के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था कर बलौदा रवाना किया गया।

जांजगीर-चाम्पा। बलौदा ब्लाक के ग्राम देवरी के हसदेव नदी पिकनिक स्पॉट में पानी में बहकर लापता हुए दो बच्चों में से दूसरे दिव्यांश कटकवार का शव आज सुबह 7 बजे मिला है। स्थानीय प्रशासन तहसीलदार के साथ घटनास्थल पर रेस्क्यु में मदद कर रहा था वहीं एसपी विजय अग्रवाल सहित पुलिस और नगर सेना के साथ एसडीआरएफ की टीम भी खोजबीन में जुटी थी । इस संबंध में कोरबा के अधिकारियों से बात कर दर्री डेम से पानी नहीं छोड़ने की भी बात की गई थी, वहीं विद्युत विभाग द्वारा रेस्क्यू के लिए आसपास विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

मत्स्य विभाग द्वारा एक बड़ा जाल भी उपलब्ध कराया गया। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर एनडीआरएफ को भी सूचना देकर बुलाया गया था। रात्रि में ही एनडीआरएफ की टीम भी पहुँच गयी थी लेकिन उनकी आवश्यकता नहीं हुई। देवरी का यह पिकनिक स्पॉट चट्टानों से फैले होने और गुफानुमा होने की वजह से रेस्क्यु दल को काम करना बहुत आसान नहीं था। आज लापता किशोर का शव मिलने के पश्चात पोस्टमार्टम के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था कर बलौदा रवाना किया गया।

किशोर प्रांजल देवांगन का शव कल ही प्राप्त कर लिया गया था। ज्ञात हो कि दोनो छात्र पिकनिक मनाने मंगलवार को सुबह 11 बजे देवरी पहुंचे थे और नहाते समय एक विद्यार्थी नदी में बह गया उसे बचाने उतरे दूसरा छात्र भी नदी में उतरा और वह भी बह गया। दोनों को तैरना नहीं आता था। साथ ही वहां चट्टान होने के कारण डूबने वाले उसमे फंस जाते हैं और बाहर नहीं निकल पाते। पिछले साल भी यहां कोरबा के एक छात्र की डूबने से मौत हुई थी।

Share This Article
Leave a Comment