जांजगीर में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, खोखरा एसएलआरएम सेंटर में कचरा डंपिंग पर लगाई रोक; नियम तोड़ने वालों पर जुर्माने के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 23 अगस्त 2026। शहर की स्वच्छता व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की स्थिति का जायजा लेने कलेक्टर जन्मेजय महोबे रविवार को फील्ड में पहुंचे। उन्होंने नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला क्षेत्र के चार एसएलआरएम केंद्रों का औचक निरीक्षण कर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने खोखरा, वार्ड क्रमांक 1, वार्ड क्रमांक 4 और वार्ड क्रमांक 18 स्थित एसएलआरएम केंद्रों का निरीक्षण किया। खोखरा केंद्र में कचरे की डंपिंग पाए जाने पर उन्होंने तत्काल इस पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए। पहले से जमा कचरे का भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
दुकानदारों को पहले समझाइश, नियम नहीं मानने पर लगेगा जुर्माना
कलेक्टर ने शहर में स्रोत पर ही कचरा पृथक्करण की व्यवस्था प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित श्रेणियों में अलग-अलग कराया जाए।
दुकानों और बाजारों से केवल पृथक किया हुआ कचरा ही संग्रहित करने के निर्देश दिए गए। कचरा अलग-अलग नहीं देने वाले दुकानदारों को पहले समझाइश देने और इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं करने पर जुर्माने की कार्रवाई करने को कहा गया।
सड़क और नाली में कचरा फेंकने वालों पर भी होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क, नाली और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाने और लोगों को कचरे के उचित निस्तारण के प्रति लगातार जागरूक करने को कहा।
स्वच्छता दीदियों से जाना कामकाज, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसएलआरएम केंद्रों में काम करने वाली स्वच्छता दीदियों से बातचीत कर उनके कार्य, समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कचरा संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण की प्रक्रिया का भी जायजा लिया।
स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिकारियों को ग्लव्स, मास्क, सुरक्षा जूते सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को कहा।
वार्ड 18 में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की भी जांच
इसके बाद कलेक्टर वार्ड क्रमांक 18 पहुंचे और घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कचरा संग्रहण और स्रोत पर कचरा पृथक्करण की स्थिति देखी तथा फील्ड टीम से जानकारी ली।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे घर से निकलने वाले कचरे को चार अलग-अलग श्रेणियों में पृथक कर नगर पालिका की कचरा संग्रहण टीम को सौंपें। उन्होंने सड़क, नाली और खुले स्थानों पर कचरा नहीं डालने की भी अपील की।
कलेक्टर ने नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला को सोर्स सेग्रीगेशन, नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, व्यावसायिक क्षेत्रों की सफाई और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पार्षद दिनेश राठौर, अनुविभागीय अधिकारी सुब्रत प्रधान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।











