
‘जो करना है कर लो’ कहना पड़ा भारी, दुर्ग जनपद CEO रूपेश पाण्डेय निलंबित
दुर्ग। भाजपा ग्रामीण महामंत्री पुराण देशमुख के साथ विवाद और अभद्र व्यवहार के आरोपों के बाद दुर्ग जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) रूपेश कुमार पाण्डेय को निलंबित कर दिया गया है। दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्यनारायण राठौर ने यह कार्रवाई की है। कुछ दिनों पहले सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ था।
वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में सामुदायिक भवन के लिए राशि जारी करने के मुद्दे पर भाजपा ग्रामीण महामंत्री पुराण देशमुख ने आपत्ति जताई थी। इसी दौरान उनकी और जनपद CEO रूपेश कुमार पाण्डेय के बीच तीखी बहस हो गई।
वायरल वीडियो में रूपेश कुमार पाण्डेय को भाजपा नेता से यह कहते हुए सुना गया था कि, “जो करना है कर लो”। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया था।
विधायक की मौजूदगी में हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान क्षेत्रीय विधायक ललित चंद्राकर भी मौके पर मौजूद थे। बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों ने अधिकारी के व्यवहार पर सवाल उठाए थे।
संभागायुक्त ने जारी किया था नोटिस
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने पूरी रिपोर्ट तैयार कर संभागायुक्त कार्यालय को भेजी थी। इसके बाद रूपेश कुमार पाण्डेय को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनके व्यवहार और पूरे घटनाक्रम पर जवाब मांगा गया था।
जवाब नहीं पाया गया संतोषजनक
संभागायुक्त कार्यालय के अनुसार अधिकारी द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया। वायरल वीडियो, प्रशासनिक रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों की समीक्षा के बाद कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
सेवा नियमों के विपरीत माना गया आचरण
निलंबन आदेश में कहा गया है कि सुशासन तिहार जैसे शासकीय कार्यक्रम में आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार शासकीय सेवा नियमों के अनुरूप नहीं है। प्रथम दृष्टया यह माना गया कि अधिकारी ने अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरती और उनका आचरण भी अपेक्षित मर्यादा के अनुरूप नहीं था।
महेंद्र जांगड़े को मिला अतिरिक्त प्रभार
निलंबन आदेश के साथ ही जनपद पंचायत दुर्ग के CEO का अतिरिक्त प्रभार जिला पंचायत दुर्ग में पदस्थ प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी महेंद्र कुमार जांगड़े को सौंप दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान रूपेश कुमार पाण्डेय को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
फिलहाल, इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में मामले की चर्चा तेज हो गई है।


