लुधियाना की फैक्ट्री में जहरीली गैस का कहर: पिता-पुत्र समेत 3 की मौत, कई मजदूरों की हालत गंभीर

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में एक औद्योगिक इकाई में रविवार तड़के जहरीली गैस रिसाव की घटना से हड़कंप मच गया। आरके रोड स्थित पाना-चाबी निर्माण करने वाली दीप टूल्स फैक्ट्री में रात करीब 2 बजे गैस लीक होने से दम घुटने के कारण पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर बेहोश हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रात 2 बजे फैली जहरीली गैस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री में रोज की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक किसी पाइपलाइन या टैंक से गैस का रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते जहरीली गैस पूरे परिसर में फैल गई। गैस का असर इतना तेज था कि कई मजदूरों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला और वे वहीं बेहोश होकर गिर पड़े।

पिता-पुत्र समेत 3 की मौत

एसडीएम जसलीन कौर भुल्लर ने घटना में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों की पहचान मान सिंह, उनके पुत्र अमित और श्रीराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मान सिंह और अमित मशीनों के नीचे जमा होने वाले मलबे को हटाने का काम कर रहे थे, तभी वे गैस रिसाव की चपेट में आ गए।

एक साल की बच्ची के सिर से उठा पिता का साया

मृतक अमित विवाहित था और उसकी करीब डेढ़ वर्ष की एक बेटी है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों ने लगाया जानकारी नहीं देने का आरोप

मृतक मान सिंह की बेटी रेनू ने बताया कि उनके पिता और भाई रात में काम पर गए थे। जब वे देर तक घर नहीं लौटे तो परिवार ने लगातार फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। सुबह फैक्ट्री पहुंचने पर पहले बताया गया कि वे अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन बाद में उनकी मौत की जानकारी मिली।

रेनू ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन ने समय रहते परिवार को हादसे की सूचना नहीं दी। उनका कहना है कि घटना के बाद भी फैक्ट्री मालिक मौके पर नहीं पहुंचे।

दो मजदूरों की हालत गंभीर

हादसे में घायल कई मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज लुधियाना के अस्पतालों में जारी है।

गैस कौन सी थी, जांच जारी

एसडीएम जसलीन कौर भुल्लर ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रिसाव किस गैस का हुआ था। फैक्ट्री परिसर में मौजूद एक टैंक से केमिकल या अन्य पदार्थ के रिसाव की आशंका जताई जा रही है।

पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड करेगा जांच

घटना की जांच के लिए पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड और नगर निगम की टीमों को मौके पर बुलाया गया है। विशेषज्ञों की टीम गैस रिसाव के कारणों और सुरक्षा मानकों की जांच करेगी।

फिलहाल, प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई के लिए विभिन्न विभागों की टीमें जुटी हुई हैं।

Back to top button