ट्रांसफार्मर का तांबे का अर्थिंग वायर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा
दो बाल अपचारी, दो महिला समेत चोरी का माल खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 20 जुलाई। रायगढ़ शहर के गैलेक्सी मॉल परिसर में लगे बिजली ट्रांसफार्मर से तांबे का अर्थिंग वायर चोरी करने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों, दो महिला आरोपियों तथा चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 12 किलोग्राम तांबे का अर्थिंग वायर बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है।
गैलेक्सी मॉल से हुई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, गैलेक्सी मॉल में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत शिव राज कुमार साहू ने 18 जुलाई को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मॉल के पीछे लगे बिजली ट्रांसफार्मर से जुड़ा लगभग 10 मीटर लंबा तांबे का अर्थिंग वायर 15 जुलाई को चोरी हो गया था। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में हुआ चोरी का खुलासा
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने दो महिलाओं के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर का अर्थिंग वायर चोरी करने तथा उसे गुड्डू उर्फ रमेश सारथी को बेचने की बात स्वीकार की।
चोरी का माल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी गुड्डू उर्फ रमेश सारथी के कब्जे से चोरी गया तांबे का वायर बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों महिला आरोपियों और माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अन्य मामलों में भी जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।



