डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अर्पित की श्रद्धांजलि
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के सशक्त प्रहरी थे। मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में डॉ. मुखर्जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अपना संपूर्ण जीवन देश सेवा के लिए समर्पित किया। उनके विचार, संघर्ष और त्याग भारतीय लोकतंत्र तथा राष्ट्रवादी चिंतन की अमूल्य धरोहर हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि देश के प्रथम उद्योग मंत्री और प्रख्यात शिक्षाविद् के रूप में डॉ. मुखर्जी ने भारतीय राजनीति को नई वैचारिक दिशा प्रदान की तथा राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्र की अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण के लक्ष्य को प्राप्त करने में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्श और सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनके विचारों को आत्मसात कर ही राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, राम गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



