शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी पर जानलेवा हमला, आरोपी पति 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
रायगढ़।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम देवगढ़ निवासी सत्यवती राठिया (30 वर्ष) आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्यरत हैं। मामले की शिकायत उनके चचेरे भाई पवन राठिया ने थाना घरघोड़ा में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सत्यवती का पति इंद्रजीत राठिया (32 वर्ष) शराब के नशे में अक्सर विवाद और मारपीट करता था। परिजनों द्वारा कई बार समझाइश दिए जाने के बावजूद उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
पैसे मांगने पर किया हमला
घटना 21 जून की दोपहर की बताई जा रही है। आरोप है कि इंद्रजीत राठिया शराब पीने के लिए पैसे मांगते हुए घर पहुंचा। पत्नी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर वह गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।
इसके बाद आरोपी ने बांस के डंडे से पत्नी के सिर और दोनों हाथों पर लगातार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों द्वारा घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया।
24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी इंद्रजीत राठिया को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और घरेलू प्रताड़ना के मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है तथा ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



