तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाकर बुलेट दौड़ाना पड़ा भारी, 5 वाहन चालकों पर कार्रवाई
सूरजपुर, 09 अगस्त शहर की सड़कों पर तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बुलेट दौड़ाने वालों के खिलाफ सूरजपुर यातायात पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में जागरूकता बढ़ी है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में लगे तेज आवाज वाले साइलेंसर को खुद हटाकर कंपनी के निर्धारित मानक साइलेंसर लगवाएं।
शहर में तेज आवाज वाले साइलेंसर के कारण ध्वनि प्रदूषण बढऩे के साथ आम लोगों, बुजुर्गों, बच्चों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने यातायात प्रभारी को ऐसे वाहनों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
निर्देश के पालन में शनिवार, 8 अगस्त 2026 को यातायात पुलिस ने शहर में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान तेज आवाज वाले साइलेंसर लगे 5 बुलेट वाहनों को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके पर ही वाहनों से तेज आवाज वाले साइलेंसर निकलवाए और संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस की नजर
सूरजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर वाहन चलाना केवल चालक की सुविधा का विषय नहीं, बल्कि दूसरों की सुरक्षा और सुविधा की जिम्मेदारी भी है। कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर की जगह तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाना आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता है।
पुलिस के मुताबिक कार्रवाई का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं है, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और शहर में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
वाहन चालक खुद हटाएं तेज आवाज वाले साइलेंसर
यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय ने बुलेट समेत अन्य वाहन चालकों से अपील की है कि यदि उनके वाहनों में तेज आवाज वाले या मॉडिफाइड साइलेंसर लगे हैं, तो वे पुलिस की कार्रवाई का इंतजार न करें। ऐसे साइलेंसर स्वेच्छा से हटाकर कंपनी द्वारा निर्धारित मानक साइलेंसर लगवाएं।
उन्होंने कहा कि बुलेट की पहचान उसकी आवाज से नहीं, बल्कि चालक की जिम्मेदारी और सुरक्षित ड्राइविंग से होती है। वाहन में स्टाइल या तेज आवाज के लिए अनावश्यक बदलाव करने से बचें। तेज आवाज से दूसरों को परेशानी हो सकती है और नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, दूसरों की सुविधा का सम्मान करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।



